पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव के चलते भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। इस बीच घरेलू बाजार के प्रमुख बेंचमार्कों सेंसेक्स और निफ्टी 50, दोनों में 0.43 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। यह लगातार पांचवां सत्र रहा, जब बाजार में गिरावट देखने को मिली।
बाजार बंद होने के समय सेंसेक्स 331.62 अंक यानी 0.43 प्रतिशत गिरकर 76,059.77 पर बंद हुआ, तो वहीं, निफ्टी 50 102 अंक यानी 0.43 प्रतिशत गिरकर 23,767.45 पर बंद हुआ।
दिन के कारोबार में सेंसेक्स अपने पिछले बंद 76,391.39 से 0.89 प्रतिशत यानी 683.2 अंक गिरकर 75,708.19 पर खुला और दिन के कारोबार में यह 1.20 प्रतिशत यानी 916.96 अंक गिरकर 75,474.43 के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया।
वहीं, निफ्टी 50 अपने पिछले बंद 23,869.60 से 0.85 प्रतिशत यानी 203.25 अंक गिरकर 23,666.35 पर खुला और दिन में एक समय यह 1.10 प्रतिशत गिरकर 23,606.30 के इंट्रा-डे लो पर पहुंच गया।